July 31, 2026

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का कहर, रायपुर में ट्रेलर पलटा, कवर्धा में नदी में गिरी इनोवा, चांपा में युवक की मौत

रायपुर/कवर्धा/जांजगीर-चांपा/कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। मंगलवार को रायपुर, कवर्धा, जांजगीर-चांपा और कोंडागांव से सड़क हादसों की अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। कुछ स्थानों पर यातायात भी प्रभावित रहा।

रायपुर में ट्रैक्टरों से लदा ट्रेलर पलटा

राजधानी रायपुर के सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह एलएनटी ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रेलर के सड़क पर पलटने से दुर्ग-रायपुर मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे में कई ट्रैक्टर ट्रेलर के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हाफ नदी में गिरी इनोवा, पति-पत्नी घायल

कबीरधाम जिले के पांडातराई मोड़ स्थित हाफ नदी के पास जबलपुर से कोरबा जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि तेज मोड़, अंधेरा और बारिश हादसे की वजह बने।

चांपा ओवरब्रिज पर हादसा, युवक की मौत

जांजगीर-चांपा जिले में रेलवे स्टेशन के पास स्थित ओवरब्रिज पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे एक बाइक चालक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विशाल सूर्यवंशी निवासी कोसमंदा गांव के रूप में हुई है। दूसरे बाइक चालक रोशन चंद्रा घायल हो गए हैं और उनका उपचार जारी है।

कोंडागांव में बस और ट्रैक्टर की भिड़ंत

कोंडागांव जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सुकुरपाल के पास यात्री बस और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। हालांकि ट्रैक्टर चालक और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

हाफ नदी ब्लैक स्पॉट पर फिर उठा सवाल

कवर्धा के हाफ नदी क्षेत्र में दो महीने पहले भी एक कार नदी में गिरने से पांच युवकों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने अधूरे पुल निर्माण को जल्द पूरा करने, बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।