बलरामपुर/बिलासपुर/धमतरी/बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में सप्ताह के पहले दिन अलग-अलग जिलों से सड़क हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं। कहीं दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद आग लग गई, तो कहीं स्कूल बस और कार की भिड़ंत हो गई। इन हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
बलरामपुर में दो बाइकों की भिड़ंत के बाद लगी आग
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में चुरैला नाला के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक आग की चपेट में आ गईं और धूं-धूं कर जलने लगीं।
हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच जारी है।
बलौदाबाजार में स्कूल बस और कार की टक्कर
बलौदाबाजार में कोतवाली थाना के सामने डीपीएस वर्ल्ड स्कूल की बस और एक कार के बीच टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार दंपति को बचाने के प्रयास में बस चालक ने कार को टक्कर मार दी।
हादसे में बस में सवार बच्चे सुरक्षित रहे, लेकिन एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के चलते यातायात व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बिलासपुर में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि सड़क पर अन्य वाहन नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया।
धमतरी में बारिश के बीच पलटी पिकअप
धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में मेचका-सांकरा मुख्य मार्ग पर सामान से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बारिश और फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि वाहन में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है।





