March 3, 2026

रायपुर में APEDA के क्षेत्रीय कार्यालय का शुभारंभ, सीएम साय बोले– छत्तीसगढ़ की कृषि को मिलेगा वैश्विक मंच

रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रायपुर में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के क्षेत्रीय कार्यालय का शुभारंभ छत्तीसगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था को वैश्विक बाजार से जोड़ने वाला ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश के किसानों, एफपीओ (Farmer Producer Organisations) और निर्यातकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट के मंच से शुरू हुई यह पहल छत्तीसगढ़ को उच्च-मूल्य कृषि निर्यात के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर मजबूती से स्थापित करेगी। उन्होंने बताया कि जीआई टैग प्राप्त चावल की विशिष्ट किस्में जैसे जीराफूल और नागरी दुबराज, साथ ही राज्य के अन्य कृषि और प्रोसेस्ड फूड उत्पाद अब वैश्विक बाजारों में नई पहचान बनाएंगे।

किसानों को बेहतर मूल्य, कृषि उद्यमों को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि APEDA कार्यालय के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और हर खेत तक नए अवसर पहुँचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

निर्यात प्रक्रियाएं होंगी आसान

सीएम साय ने कहा कि APEDA का क्षेत्रीय कार्यालय एक मजबूत संस्थागत आधार प्रदान करेगा, जिससे

  • निर्यात प्रक्रियाएं सरल होंगी
  • गुणवत्ता मानकों में सुधार होगा
  • अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधा संपर्क स्थापित किया जा सकेगा

छत्तीसगढ़ बनेगा कृषि निर्यात में अग्रणी राज्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि यह पहल छत्तीसगढ़ को उच्च-मूल्य, सतत और प्रतिस्पर्धी कृषि निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में ले जाएगी और राज्य के किसानों की समृद्धि को स्थायी आधार प्रदान करेगी।