July 23, 2026

पीएम मोदी कल करेंगे सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, अमृत भारत योजना के तहत मिली आधुनिक पहचान

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाकर देश की रेल अधोसंरचना को नई पहचान देना है।

सीएम साय को रेल मंत्री की ओर से मिला आमंत्रण

लोकार्पण समारोह से पहले रायपुर मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद ने राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा।

बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों में विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और स्टेशनों के नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की गई।

‘विकसित भारत’ के संकल्प को मिल रही नई गति : सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। इससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ प्रदेश के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं और आधुनिक अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूती मिल रही है।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और जनसुविधाओं की जीवनरेखा है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

रेल अधोसंरचना से बढ़ेगा निवेश और पर्यटन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। मजबूत रेल संपर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी, वहीं आम नागरिकों का आवागमन पहले से अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सहज होगा।