रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन प्रश्नकाल के दौरान बस्तर संभाग में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति का मुद्दा उठा। कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने भवनविहीन और जर्जर भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर चिंता जताई।
प्रश्नकाल के दौरान लखेश्वर बघेल ने सरकार से पूछा कि बस्तर संभाग के जिलों में कुल कितने आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। साथ ही इनमें से कितने केंद्र भवनयुक्त, भवनविहीन और जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं तथा पेयजल और शौचालय की क्या व्यवस्था है।
इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि बस्तर संभाग में कुल 9876 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जबकि एक भी मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित नहीं है।
मंत्री के अनुसार कुल 9876 केंद्रों में से 7667 आंगनबाड़ी केंद्र भवनयुक्त, 2209 भवनविहीन और 962 केंद्र जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं। वहीं 6431 केंद्रों में पेयजल और 5632 केंद्रों में शौचालय की सुविधा उपलब्ध है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सदन में आश्वासन दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।





