दुर्ग। नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले दंपति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान प्रिया देशमुख और प्रशांत देशमुख के रूप में हुई है, जो पद्मनाभपुर, दुर्ग के निवासी हैं।
मामले में प्रार्थी रविकांत साहू ने उतई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी दंपति ने मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 10 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो रविकांत ने आरोपियों से जवाब मांगा। इस पर दंपति टालमटोल करते रहे और बाद में ई-मेल के जरिए एक फर्जी नियुक्ति पत्र भेज दिया।
नियुक्ति पत्र देखकर रविकांत को संदेह हुआ। जांच कराने पर दस्तावेज फर्जी निकला। इसके बाद उन्होंने 10 लाख रुपये के लेन-देन के साक्ष्य और फर्जी नियुक्ति पत्र पुलिस को सौंप दिए।
पुलिस जांच में शिकायत सही पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी पति-पत्नी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।





