May 18, 2026

CG Assembly Budget Session: नेशनल हेराल्ड और अन्य मैगज़ीन को विज्ञापन मद में करोड़ों रुपए, विपक्ष ने सवाल उठाए

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के दौरान मंगलवार को सदन में नेशनल हेराल्ड, संडे नवजीवन और नवसृजन मैगज़ीन को पिछले वर्षों में दिए गए विज्ञापनों की जानकारी मांगी गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि नेशनल हेराल्ड को पिछले पांच वर्षों में कुल 4.24 करोड़ रुपए का विज्ञापन भुगतान किया गया, जबकि नवसृजन मैगज़ीन को कोई भुगतान नहीं हुआ। संडे नवजीवन को इस अवधि में 3.06 करोड़ रुपए मिले।

भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने सवाल किया कि 2019-20 से 2025-26 तक इन मैगज़ीनों को कितनी राशि दी गई, उनका कार्यालय कहां है और संचालन कैसे होता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नेशनल हेराल्ड के प्रबंधक पवन बंसल हैं और भुगतान प्रति पृष्ठ 8 लाख रुपए के हिसाब से किया गया।

विपक्ष ने पूरक प्रश्न में यह पूछा कि क्या सरकार राजनीतिक दलों के मुख पत्र को पैसा दे सकती है और जिन लोगों ने विज्ञापन दिया, उनके खिलाफ कार्यवाही होगी क्या। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने यह भी पूछा कि विज्ञापन किस नीति के तहत दिए गए और क्या इसकी जाँच होगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विज्ञापन विज्ञापन नियमावली 2019 के आधार पर जारी किए गए।