March 3, 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा में गोबर खाद घोटाले पर हंगामा, मंत्री केदार कश्यप ने रिपोर्ट आने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायकों ने मरवाही वनमंडल में गोबर खाद आपूर्ति के प्रमाणकों में फर्जी हस्ताक्षर का मुद्दा उठाया। विधायकों ने वन मंत्री केदार कश्यप से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मंत्री कश्यप ने बताया कि 6 जनवरी 2026 को शिकायत प्राप्त हुई और तीन सदस्यीय समिति जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विधायकों ने कहा कि जांच का नाम लेकर सदन को गुमराह किया जा रहा है और पूछा कि क्या डीएफओ पर कार्रवाई होगी। इस पर सभापति ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कोई दस्तावेज सदन में नहीं रखा जा सकता।

नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि अगर अधिकारी दोषी पाए गए हैं, तो उन्हें तुरंत सस्पेंड किया जाना चाहिए। मंत्री ने आश्वासन दिया कि रिपोर्ट आने के बाद सभी कार्रवाई पूरी कर दी जाएगी।