रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही बुधवार को शुरू हो गई। पहले दो दिनों की तरह आज भी सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखे जाएंगे, वहीं कई अहम मुद्दों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री रखेंगे वार्षिक प्रतिवेदन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सदन में छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड का वार्षिक प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे।
दो मंत्री भी पेश करेंगे प्रतिवेदन
श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने-अपने विभागों से जुड़े वार्षिक प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।
इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मुद्दा उठेगा
कांग्रेस विधायक डॉ. चरणदास महंत, शेषराज हरवंश और विक्रम मंडावी इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार के मामले को लेकर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। विपक्ष इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार से जवाब मांग सकता है।
शासकीय मुद्रणालय में अनियमितता पर ध्यानाकर्षण
भाजपा विधायक राजेश मूणत शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्य में कथित अनियमितताओं का मामला उठाते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे।
विधानसभा के तीसरे दिन भी कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है और सदन की कार्यवाही के दौरान राजनीतिक नोकझोंक देखने को मिल सकती है।





