July 23, 2026

अविश्वास प्रस्ताव पर गरजे किरण सिंह देव, बोले- जनता ने कांग्रेस पर ही जता दिया अविश्वास

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना किसी ठोस प्रमाण के अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है, लेकिन चर्चा के दौरान एक भी आरोप साबित नहीं कर पाया। उन्होंने कहा कि वास्तव में जनता का विश्वास कांग्रेस से उठ चुका है।

किरण सिंह देव ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया। इसके बाद लोकसभा, नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में भी कांग्रेस को जनता ने नकार दिया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी पर जनता ने अविश्वास जताया है, वही आज सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन की सरकार चल रही है और सरकार के कामकाज पर जनता की स्पष्ट मुहर लगी है।

धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर सदन में नोकझोंक

चर्चा के दौरान किरण सिंह देव ने कहा कि नक्सलवाद पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव में विपक्ष शामिल नहीं हुआ। इस पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि प्रस्ताव में प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री का आभार था, लेकिन मुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री का उल्लेख नहीं था। यदि उनका नाम शामिल होता तो कांग्रेस भी प्रस्ताव का समर्थन करती।

इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने जवाब देते हुए कहा कि धन्यवाद प्रस्ताव स्वयं मुख्यमंत्री ने प्रस्तुत किया था, इसलिए उनका नाम शामिल करने का सवाल नहीं उठता। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

‘बस्तर में विकास पहुंच रहा, विपक्ष जाकर देखे’

किरण सिंह देव ने कहा कि धन्यवाद प्रस्ताव में केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ सुरक्षा बलों, पत्रकारों और बस्तरवासियों का भी आभार व्यक्त किया गया था। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के कमजोर होने के बाद बस्तर की जनता खुश है और आज क्षेत्र के दूर-दराज इलाकों तक सेवा डेरा, सेवा सेतु और मुख्यमंत्री बस सेवा जैसी योजनाओं के माध्यम से विकास पहुंच रहा है। उन्होंने विपक्ष से बस्तर जाकर वहां के हालात देखने की सलाह दी।