May 18, 2026

CG Assembly: अमानक चावल और धान उठाव पर विपक्ष का हंगामा, खाद्य मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर वॉकआउट

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन प्रश्नकाल के दौरान अमानक चावल और धान उठाव के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेर लिया। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक रामकुमार यादव ने कृषि साख समितियों के प्रासंगिक व्यय की राशि पर रोक और धान उठाव बंद होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि धान का उठाव नहीं होने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बारिश के कारण धान खराब होने का खतरा रहता है।

इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि रिसाइक्लिंग की वजह से धान के उठाव को रोका गया था। उन्होंने कहा कि सक्ती जिले में 47.41 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई है, जिसमें से 3.61 लाख क्विंटल धान का उठाव बाकी है।

विधायक रामकुमार यादव ने आरोप लगाया कि सक्ती जिले में करीब 30 करोड़ रुपए का धान चूहे खा गए। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर मंत्री ने कहा कि मार्च से पहले सभी धान का उठाव कर लिया जाएगा।

विपक्ष के सवालों के बीच नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी हस्तक्षेप करते हुए पूछा कि रिसाइक्लिंग की जानकारी विभाग को कब और किन-किन स्थानों से मिली। उन्होंने कहा कि धान खरीदी बंद करने से किसानों को परेशानी हुई है।

आसंदी ने भी सुझाव दिया कि किसानों को भुगतान की जानकारी देने के लिए संबंधित केंद्रों पर बोर्ड लगाए जाएं। इस पर खाद्य मंत्री ने बोर्ड लगाने का आश्वासन दिया। हालांकि मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।