July 23, 2026

सेवाग्राम परियोजना पर विधानसभा में हंगामा, अजय चंद्राकर की टिप्पणी पर भूपेश बघेल ने जताई आपत्ति

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में गुरुवार को नवा रायपुर की सेवाग्राम परियोजना को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की टिप्पणी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद सदन में तीखी बहस और नोकझोंक देखने को मिली।

सेवाग्राम परियोजना पर सरकार ने दी जानकारी

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर द्वारा नवा रायपुर स्थित सेवाग्राम की वित्तीय और भौतिक स्थिति को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि सेवाग्राम परियोजना को मंजूरी 10 मार्च 2022 को दी गई थी। परियोजना का उद्देश्य महात्मा गांधी के आत्मनिर्भर ग्राम के विचार को साकार करना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना तथा कारीगरों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

मंत्री ने बताया कि वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच परियोजना के लिए 129 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया। इसमें मल्टीपरपज डाइनिंग हॉल, सामुदायिक किचन और प्रसाधन कक्ष के निर्माण पर 3.72 करोड़ रुपये, जबकि अन्य निर्माण कार्यों पर 104.05 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। सरकार के अनुसार सेवाग्राम के सभी निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, हालांकि इसके संचालन के लिए अभी तक कोई अलग प्रशासनिक सेटअप स्वीकृत नहीं किया गया है।

अजय चंद्राकर की टिप्पणी पर भड़के भूपेश

मंत्री के जवाब के बाद भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि “एक व्यक्ति विशेष की स्वेच्छाचारिता की वजह से करीब 200 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए।” इस टिप्पणी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तत्काल खड़े हो गए और कड़ी आपत्ति जताते हुए बयान का विरोध किया। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिससे कुछ समय के लिए सदन का माहौल गरमा गया।

चंद्राकर ने जताया खेद

बाद में अजय चंद्राकर ने सदन में स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को आहत करना नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि उनकी टिप्पणी से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई।