May 16, 2026

बालोद में जज को नक्सलियों के नाम से जान से मारने की धमकी, 3 करोड़ की फिरौती मांगने वाला पत्र मिलने से हड़कंप

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद प्रशासनिक और न्यायिक महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, गुंडरदेही में पदस्थ प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन को एक बंद लिफाफे में धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की चेतावनी दी गई है।

मजिस्ट्रेट द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, यह पत्र 27 मार्च को दोपहर के समय पोस्टमैन के माध्यम से प्राप्त हुआ था। पत्र में भेजने वाले ने खुद को नक्सली संगठन से जुड़ा बताया है और 3 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है। साथ ही, पत्र में मजिस्ट्रेट पर भ्रष्टाचार और गलत फैसले देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

धमकी भरे पत्र में लिखा गया है कि यदि मांगी गई राशि नहीं दी गई तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि भेजने वाले कथित रूप से बस्तर, कांकेर, उड़ीसा और झारखंड क्षेत्रों में सक्रिय नक्सली संगठन से जुड़े हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुंडरदेही थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और साइबर सेल की टीमों को पत्र के स्रोत का पता लगाने के लिए लगाया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पत्र वास्तव में नक्सलियों द्वारा भेजा गया है या किसी शरारती तत्व की साजिश है।

इस घटना के बाद न्यायिक अधिकारी की सुरक्षा को लेकर भी विशेष एहतियात बरते जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।