May 18, 2026

बस्तर में बड़ा घटनाक्रम: मोस्ट वांटेड नक्सली कमांडर पापा राव आज कर सकता है सरेंडर

रायपुर। बस्तर से बड़ी खबर सामने आ रही है। मोस्ट वांटेड सीनियर नक्सली कमांडर पापा राव आज सरेंडर कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में उसके बीजापुर पहुंचने की संभावना है, जहां वह अपने 17 साथियों और अत्याधुनिक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करेगा।

बताया जा रहा है कि सरेंडर के बाद सुरक्षाबल उसे जगदलपुर ले जाएंगे, जहां वह बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज के सामने औपचारिक रूप से सरेंडर करेगा।

इंद्रावती क्षेत्र में सक्रियता

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, पापा राव को लेने के लिए पुलिस बल की टीम इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र के एक गोपनीय ठिकाने के लिए रवाना हो चुकी है। लंबे समय से चल रही बातचीत के बाद अब उसके आत्मसमर्पण की स्थिति बनी है।

लाल आतंक का बड़ा चेहरा

करीब 25 लाख रुपये के इनामी पापा राव वेस्ट बस्तर डिवीजन का सचिव और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) का सदस्य रहा है। बस्तर में नक्सली गतिविधियों की कमान लंबे समय तक उसी के हाथ में रही है।

उसका नाम कई बड़े हमलों में सामने आ चुका है, जिनमें कुटरू-बेदरे रोड पर हुआ आईईडी ब्लास्ट भी शामिल है, जिसमें 8 जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा कई एंबुश और सुरक्षाबलों पर हमलों की रणनीति में उसकी अहम भूमिका रही है।

बड़ी सफलता मानी जा रही

जानकारी के मुताबिक, यदि पापा राव का सरेंडर होता है तो इसे बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता माना जाएगा। पहले ही कई शीर्ष नक्सली नेता मारे जा चुके हैं या आत्मसमर्पण कर चुके हैं। ऐसे में पापा राव को आखिरी बड़े सक्रिय कमांडरों में गिना जा रहा था।