September 4, 2026

भिलाई के हमर क्लीनिक में नर्स ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, स्टाफ रूम में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग। भिलाई के घासीदास नगर वार्ड-23 स्थित हमर क्लीनिक में 32 वर्षीय नर्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नर्स का शव अस्पताल परिसर के स्टाफ रूम में मिला। मृतका की पहचान नेहा महिलांग के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 5 वर्षों से हमर क्लीनिक में कार्यरत थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

एक साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के मुताबिक नेहा की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और वह अपने पति के साथ रहती थी। रविवार को जब उसका पति कमरे में पहुंचा तो नेहा फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की जानकारी तत्काल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट

पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस ने मृतका के पति और उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मोबाइल फोन की जांच और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।

आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस

फिलहाल नेहा द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किसी तरह के तनाव में थी या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है।