September 4, 2026

छत्तीसगढ़ BJP अध्यक्ष की रेस में तोखन साहू का नाम सबसे आगे? बोले- पार्टी का हर फैसला मुझे मंजूर

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच केंद्रीय राज्य मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता तोखन साहू का नाम प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे होने की चर्चा है। चर्चाओं के बीच तोखन साहू ने ऐसा बयान दिया है, जिससे प्रदेश की सियासत में अटकलें और तेज हो गई हैं।

‘पार्टी का हर फैसला मुझे स्वीकार’

नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अपने नाम की चर्चा पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि वह भाजपा के एक छोटे कार्यकर्ता हैं और पार्टी जो आदेश देती है, उसे निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जब-जब उन्हें जो जिम्मेदारी दी, उन्होंने उसे पूरी तरह निभाया है।

तोखन साहू ने कहा कि पार्टी का हर फैसला उन्हें स्वीकार है। मौजूदा समय में पार्टी की ओर से जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसे वह सहर्ष स्वीकार करेंगे और पूरी ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

पंच से केंद्रीय राज्य मंत्री तक का सफर

तोखन साहू का राजनीतिक सफर ग्राम पंचायत में पंच के रूप में शुरू हुआ। इसके बाद वे लोरमी से विधायक बने और संसदीय सचिव की जिम्मेदारी भी संभाली। वर्तमान में वे बिलासपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं।

लंबे राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के चलते प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर चल रही चर्चाओं में तोखन साहू का नाम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।