May 15, 2026

भाजपा की प्रशिक्षण रणनीति बैठक, विदेशी फंडिंग और विपक्ष पर संतोष पांडे का तीखा हमला

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यालय में आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्गों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। भाजपा सांसद संतोष पांडे ने कहा कि पार्टी सिर्फ चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर समय तैयारी करती है और कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, इतिहास और कार्यपद्धति की ट्रेनिंग दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं के कौशल विकास पर विशेष फोकस रहेगा। भाजपा का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना है।

इस बीच नक्सल प्रभावित इलाकों में विदेशी फंडिंग के खुलासे को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। संतोष पांडे ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का नक्सलियों के बीच नेटवर्क था और विदेशी फंडिंग के जरिए कई गतिविधियां संचालित की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण कांग्रेस ने ईडी की कार्रवाई का विरोध किया।

भाजपा सांसद ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने विदेशी फंडिंग वाले संगठनों पर सख्ती की है और प्रदेश में धर्मांतरण रोकने के लिए कानून भी भाजपा ने ही लागू किया।

आम आदमी पार्टी के सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि भाजपा का दरवाजा सभी के लिए खुला है और पार्टी में शामिल होने वालों को राष्ट्रहित में काम करने के लिए तैयार किया जाता है।

वहीं टीएस सिंहदेव के पेट्रोल-डीजल कीमतों को लेकर दिए बयान पर पलटवार करते हुए संतोष पांडे ने कहा कि विपक्ष अनावश्यक अफवाहें फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी वैक्सीन को लेकर गलत बातें फैलाई गई थीं, जबकि उसी वैक्सीन से देश ने दुनिया की मदद की।