रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी पर इनाम घोषित किया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से जुड़े इस मामले में आरोपी 14 मार्च से फरार है और उसकी तलाश जारी है।
सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस उमेश गुप्ता ने फरार आरोपी वेणु जंघेल की गिरफ्तारी या ठोस जानकारी देने वाले को 5,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। आदेश में कहा गया है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ है और उसका खुले में घूमना समाज के लिए खतरा बन सकता है।
पेपर लीक के बाद दोबारा परीक्षा
बोर्ड द्वारा जारी प्रारंभिक टाइम टेबल के अनुसार 14 मार्च को 12वीं हिंदी की परीक्षा आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक की आशंका के बाद 23 मार्च को परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके बाद 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा कराई गई।
NSUI ने उठाया था मामला
छात्र संगठन NSUI ने सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप्स में परीक्षा से पहले सवाल वायरल होने का दावा किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोर्ड ने सिटी कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर सेल जांच में जुट गई है।
NSUI ने इस मामले में विरोध प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।





