रायपुर। छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का इंतजार अब खत्म होने वाला है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा दोनों कक्षाओं के परिणाम 29 अप्रैल बुधवार को दोपहर 2:30 बजे जारी किए जाएंगे।
इसकी जानकारी प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ अंक नहीं, बल्कि छात्रों की मेहनत, अनुशासन और अभिभावकों-शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ रिजल्ट स्वीकार कर आगे बढ़ने की सलाह दी।
बता दें कि इस साल बोर्ड परीक्षाएं 20-21 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं। हालांकि हिंदी पेपर लीक होने के मामले के बाद 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी, जिसके कारण रिजल्ट जारी होने में देरी हुई।
इस वर्ष कक्षा 10वीं में 3,20,535 और कक्षा 12वीं में 2,45,785 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। बड़ी संख्या में विद्यार्थी आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं।
पिछले साल 7 मई 2025 को परिणाम घोषित किए गए थे, जिसमें 10वीं का पास प्रतिशत 68.76% और 12वीं का 82.25% रहा था। अब सभी की नजरें आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जिससे लाखों छात्रों का इंतजार खत्म होगा।





