रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने बोर्ड परीक्षा 2026 के पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन परिणाम जारी कर दिए हैं। परिणामों में संशोधन के बाद हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की मेरिट सूची में 13-13 नए विद्यार्थियों को स्थान मिला है। इसके साथ ही 10वीं की मेरिट सूची में विद्यार्थियों की संख्या 42 से बढ़कर 55 और 12वीं की मेरिट सूची 43 से बढ़कर 56 हो गई है।
विद्यार्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित किया गया
माशिमं की सचिव Pushpa Sahu ने बताया कि पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के जरिए विद्यार्थियों के साथ न्याय सुनिश्चित किया गया है। बोर्ड परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थियों के आवेदन मिलने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच की गई और संशोधित परिणाम जारी किए गए।
हाईस्कूल में 3657 विद्यार्थियों के अंक बढ़े
सचिव के अनुसार हाईस्कूल में पुनर्गणना के लिए 661 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 126 विद्यार्थियों के अंक बढ़े जबकि 535 मामलों में कोई बदलाव नहीं हुआ। वहीं पुनर्मूल्यांकन के लिए 6167 आवेदन मिले, जिनमें 3657 विद्यार्थियों के अंक बढ़े और 2510 विद्यार्थियों के अंकों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।
हायर सेकेंडरी में 6758 छात्रों को मिला लाभ
हायर सेकेंडरी परीक्षा में पुनर्गणना के लिए 1208 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 140 विद्यार्थियों के अंक बढ़े। वहीं पुनर्मूल्यांकन के लिए 11038 आवेदन आए, जिनमें 6758 विद्यार्थियों के अंकों में वृद्धि दर्ज की गई।
नियम संशोधन का मिला फायदा
माशिमं सचिव ने बताया कि बोर्ड द्वारा किए गए नियम संशोधन का सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिला है। पहले कुल अंकों में 10 प्रतिशत वृद्धि होने पर ही बदलाव माना जाता था, लेकिन अब 5 प्रतिशत तक अंक बढ़ने पर भी उसे वृद्धि माना जा रहा है।
इसी संशोधन के चलते 10वीं की मेरिट सूची में 13 और विद्यार्थियों के नाम जुड़े, जिससे कुल संख्या 55 हो गई। वहीं 12वीं की मेरिट सूची में भी 13 नए विद्यार्थियों के शामिल होने से कुल संख्या बढ़कर 56 हो गई है।
गलत मूल्यांकन करने वालों पर होगी कार्रवाई
सचिव पुष्पा साहू ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने परिणाम से असंतुष्ट होकर आवेदन किया था, उनकी उत्तरपुस्तिकाओं की निष्पक्ष जांच कराई गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मूल्यांकन में लापरवाही या त्रुटि पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





