बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप करने वाले अंशुल को डिप्टी सीएम अरुण साव ने विशेष रूप से सम्मानित किया। शनिवार को अपने बिलासपुर दौरे के दौरान डिप्टी सीएम अंशुल के घर पहुंचे और उन्हें बधाई देते हुए खास उपहार भेंट किया।
अंशुल के घर पहुंचने पर परिजनों ने डिप्टी सीएम का स्वागत किया। इस दौरान अरुण साव ने अंशुल को मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से अंशुल आगे भी नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अंशुल अपने परिवार के साथ उपहार खोलते नजर आ रहे हैं। गिफ्ट देखते ही उनके चेहरे की खुशी साफ झलकती है, जो इस सम्मान के महत्व को दर्शाती है।
गौरतलब है कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं परीक्षा में तीन विद्यार्थियों ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। इनमें महासमुंद की संध्या नायक, बलोदा की परीरानी प्रधान और मुंगेली के अंशुल शर्मा शामिल हैं।
इस बार 10वीं परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक आयोजित हुई थी, जिसमें प्रदेशभर से 3.20 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे।





