रायपुर। छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में नव नियुक्त उप निरीक्षकों को बड़ा झटका लगा है। महज 24 घंटे पहले जारी की गई नियुक्ति का आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। कार्यालय आबकारी आयुक्त ने निरस्तीकरण आदेश जारी करते हुए बताया कि 21 जनवरी 2026 को जारी नियुक्ति आदेश तकनीकी कारणों से रद्द किया गया है।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2024 की चयन सूची के तहत 85 अभ्यर्थियों को आबकारी उप निरीक्षक पद पर नियुक्ति दी गई थी, लेकिन आदेश जारी होने के दूसरे ही दिन आबकारी आयुक्त के निर्देश पर सभी की नियुक्ति निरस्त कर दी गई।
📌 तकनीकी कारणों का दिया गया हवाला
आबकारी आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि नियुक्ति प्रक्रिया में तकनीकी कारण सामने आए हैं, जिसके चलते आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लिया गया है। हालांकि विभाग ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि आखिर कौन-सी तकनीकी त्रुटि पाई गई है।

😟 अभ्यर्थियों में नाराजगी
अचानक नियुक्ति निरस्त होने से चयनित अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने के बाद वे जॉइनिंग की तैयारी कर रहे थे, लेकिन 24 घंटे के भीतर आदेश वापस लेना मानसिक और प्रशासनिक रूप से गलत है।
🔎 आगे नए आदेश की संभावना
सूत्रों के मुताबिक विभागीय स्तर पर मामले की समीक्षा की जा रही है और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुनः संशोधित आदेश जारी किया जा सकता है।





