रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह एक युवक ने कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सुबह श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन गुजर रही थी, तभी युवक अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गया और ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। हादसे में उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दी, जिससे करीब 15 मिनट तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को ट्रैक से हटाकर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और उसने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसकी जांच की जा रही है।





