रायपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर देशभर में सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी कर इस्तीफे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि यह इस्तीफा नैतिकता के आधार पर नहीं, बल्कि जनदबाव और युवाओं के आंदोलन के कारण देना पड़ा।
दीपक बैज ने कहा कि देशभर के युवाओं की एकजुट आवाज, लोकतांत्रिक संघर्ष और राहुल गांधी के लगातार समर्थन ने केंद्र सरकार को जवाबदेह बनने के लिए मजबूर कर दिया। उनके अनुसार, यह सिर्फ एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के संघर्ष की जीत है।
‘पीएम ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए इस्तीफा लिया’
अपने वीडियो संदेश में बैज ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर समेत कई शहरों में छात्रों का प्रदर्शन जारी था, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों पर बातचीत करने के बजाय प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कराया। उन्होंने कहा कि जब युवाओं ने प्रधानमंत्री से भी इस्तीफे की मांग शुरू कर दी, तब अपनी कुर्सी बचाने के लिए प्रधानमंत्री ने धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लिया।
बैज ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान पर हुई कार्रवाई को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उन्होंने इसे युवाओं के आंदोलन की बड़ी जीत बताते हुए केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
नोट: यह बयान पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज का राजनीतिक आरोप है। इस पर केंद्र सरकार या संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने पर खबर को अपडेट किया जा सकता है।





