March 3, 2026

CG Cabinet Meeting : 21 जनवरी को होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक, नीतिगत फैसलों पर होगी चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक 21 जनवरी को आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में होगी।

कैबिनेट बैठक में राज्यहित से जुड़े अहम विषयों, विकास योजनाओं और नीतिगत निर्णयों पर चर्चा की जाएगी। विभिन्न विभागों से आए प्रस्तावों पर विचार कर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना है।


🏛️ विभागीय प्रस्तावों पर होगा निर्णय

बैठक के दौरान प्रशासनिक सुधार, विकास कार्यों, बजट से जुड़े मुद्दों और जनहित योजनाओं पर मंथन किया जाएगा। माना जा रहा है कि आगामी बजट और योजनाओं को लेकर भी कैबिनेट में दिशा तय की जा सकती है।


📅 पिछली कैबिनेट बैठक में हुए थे बड़े फैसले

इससे पहले 31 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में साल की अंतिम कैबिनेट बैठक हुई थी, जिसमें कई बड़े निर्णय लिए गए थे।

पिछली बैठक के प्रमुख फैसले इस प्रकार थे—

  • रायपुर साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित 9वें ऑटो एक्सपो (20 जनवरी से 5 फरवरी) के दौरान बिकने वाले वाहनों पर लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50% छूट
  • कस्टम मिलिंग के लिए धान उपार्जन एवं परिवहन गतिविधियों में राइस मिलर्स की बैंक गारंटी पर स्टाम्प शुल्क 0.25% से घटाकर 0.05%
  • रायपुर महानगरीय पुलिस जिले में 23 जनवरी से पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू करने का निर्णय।
  • कोदो, कुटकी और रागी की खरीद, प्रसंस्करण एवं बिक्री के लिए छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ को कार्यशील पूंजी देने की अनुमति

इसके अलावा भी कई प्रशासनिक और जनहित से जुड़े फैसले मंत्रिपरिषद द्वारा लिए गए थे।


🔎 बैठक पर टिकी निगाहें

अब 21 जनवरी की बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में विकास योजनाओं, रोजगार, किसानों, उद्योग और प्रशासनिक सुधार से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकते हैं।