May 15, 2026

कैबिनेट बैठक शुरू: धान सरप्लस नीलामी पर लग सकती है मुहर, बस्तर 2.0 प्रोजेक्ट पर चर्चा संभव

रायपुर। विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय में कैबिनेट की अहम बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है, जिनमें धान सरप्लस की नीलामी और बस्तर क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडलीय उप समिति द्वारा लिए गए धान सरप्लस की नीलामी के निर्णय पर कैबिनेट की मुहर लग सकती है। यह फैसला राज्य के धान प्रबंधन और भंडारण व्यवस्था को संतुलित करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

इसके साथ ही बैठक में बस्तर क्षेत्र को नक्सलवाद से मुक्त करने के बाद उसके समग्र विकास के लिए प्रस्तावित बस्तर 2.0 प्रोजेक्ट पर भी विस्तार से चर्चा होने के आसार हैं। इस प्रोजेक्ट के जरिए बस्तर में बुनियादी ढांचे, रोजगार और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में रणनीति तैयार की जा सकती है।

कैबिनेट की इस बैठक को राज्य के विकास और सुरक्षा से जुड़े अहम फैसलों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस पर टिकी है कि बैठक के बाद किन-किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है।