रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को बैकलॉग के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। बैठक में ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
भू-अर्जन के मामलों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति और प्रशासनिक कार्यों में गति लाने पर विशेष जोर दिया गया।





