रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दोपहर महानदी भवन (मंत्रालय) में आयोजित कैबिनेट बैठक के बाद इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके पश्चात वे हेल्पलाइन कॉल सेंटर का अवलोकन भी करेंगे।
इस पहल के जरिए प्रदेश के नागरिकों को अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचाने का आसान माध्यम मिलेगा। सीएम हेल्पलाइन 1076 पर आम जनता विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकेगी।
इन मामलों में दर्ज करा सकेंगे शिकायत
हेल्पलाइन के माध्यम से सफाई व्यवस्था में लापरवाही, पेंशन संबंधी समस्याएं, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने से इनकार, सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत की मांग, बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। इसके अलावा नागरिक अपनी शिकायत की स्थिति आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन भी देख सकेंगे।
WhatsApp, वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप की भी सुविधा
राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि कोई भी नागरिक शिकायत दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल करने के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और WhatsApp चैटबॉट के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल शिकायतों का औपचारिक निपटारा करना नहीं, बल्कि निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।





