विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे और प्रदेशवासियों को बड़ी सौगातें देंगे। सुबह 11:15 बजे वे दीनदयाल उपाध्याय चौक में 108 संजीवनी एक्सप्रेस के तहत 375 नई एम्बुलेंस का शुभारंभ करेंगे। शाम 5:40 बजे धरसींवा में नए तहसील कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और शाम 6 बजे कुंवरगढ़ महोत्सव में भाग लेंगे। रात 9 बजे वे महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव में भी शामिल होंगे।
धरसीवां में आज से तीन दिवसीय ‘कुंवरगढ़ महोत्सव’ की शुरुआत हो रही है, जो 2 अप्रैल तक चलेगा। विधायक अनुज शर्मा की पहल पर आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री करेंगे। इस आयोजन में प्रदेश के लगभग 15 प्रसिद्ध कलाकार लोक संगीत, नृत्य और पारंपरिक कला की प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही मेले और व्यापारिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया है, जिससे क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
इधर, बढ़ती गर्मी और जल संकट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रायपुर जिले को जलाभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित करते हुए 1 अप्रैल से 15 जुलाई तक नए बोरवेल खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, छत्तीसगढ़ की जेल व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब प्रदेश की सभी 33 जेलों में बंदियों को वीडियो और ऑडियो कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इस पहल के तहत बंदी अपने परिजनों और वकीलों से सीधे संवाद कर सकेंगे। कॉल की अधिकतम अवधि 5 मिनट तय की गई है, जिसमें ऑडियो कॉल के लिए 1 रुपये प्रति मिनट और वीडियो कॉल के लिए 5 रुपये प्रति मिनट शुल्क निर्धारित किया गया है। इस सेवा के लिए BSNL के साथ एमओयू किया गया है।
इसके अलावा, रेल यात्रियों के लिए भी राहत भरी खबर है। रक्सौल-तिरुपति स्पेशल ट्रेन को नियमित करने की मंजूरी मिल गई है। इससे बिहार और आंध्र प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे आरक्षण और यात्रा योजना बनाना आसान हो जाएगा।





