रायपुर। कांग्रेस को भारत माता की जय बोलने में तकलीफ वाले पुरंदर मिश्रा के बयान पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है और लगातार वंदे मातरम और भारत माता की जय को लेकर राजनीति कर रही है।
बैज ने कहा, “सरकार को किसानों, बेरोजगारों, धरने पर बैठे रसोइयों और 5 लाख संविदा कर्मचारियों की चिंता करनी चाहिए। भारत माता और वंदे मातरम हमारे दिल में है, बीजेपी को चिंता करने की जरूरत नहीं।”
धर्मांतरण और किसान मुद्दों पर निशाना
दरअसल, भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने धर्मांतरण के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था कि पार्टी देश और प्रदेश के विकास में बाधक है और कांग्रेस को भारत माता की जय बोलने में भी तकलीफ है।
बैज ने प्रतिक्रिया में कहा कि धान खरीदी और मनरेगा के मुद्दों पर कांग्रेस हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। 30 जनवरी को होने वाले प्रदर्शन में पार्टी किसानों के पक्ष में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन करेगी।
एसटी-एसटी वर्ग और बुलडोजर कार्रवाई पर भी बैज का बयान
बैज ने कहा कि ST-SC वर्ग के साथ भेदभाव करना सरकार के लिए चिंता का विषय है। अधिकारी अपनी पीड़ा जनता के सामने रख रहे हैं।
अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर बैज ने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई से सहमत नहीं है। गरीबों के घरों पर बिना चर्चा और विस्थापन के बुलडोजर चलाना गलत है।
भाजपा की राजनीति पर तंज
दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की टांग अंगद जैसी नहीं हो सकती। अंगद और बीजेपी में जमीन-आसमान का अंतर है। छत्तीसगढ़ में बीजेपी सिर नीचे और टांग ऊपर करके चल रही है।
बैज आज शाम दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ बैठक में प्रदेश कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा करेंगे।





