July 30, 2026

CG Congress Update : प्रशिक्षण शिविर के बाद मैदान में उतरे नए जिला अध्यक्ष, गांवों में रात्रि प्रवास कर ले रहे जमीनी फीडबैक

अभनपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के बीच संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। राहुल गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं की पाठशाला के बाद अब नए जिला अध्यक्षों को सीधे गांवों में भेजा गया है। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में 20 जिला अध्यक्षों की टीमें रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार जिला अध्यक्षों को 5-5 सदस्यों की टीम में विभाजित कर नवागांव (ल), कोलियरी, घोंट-सोंठ और थानौद गांवों में भेजा गया है। मंगलवार शाम उन्होंने ग्रामीणों के घरों में रात्रि विश्राम किया और बुधवार को गांवों में जनसंपर्क कर स्थानीय समस्याओं, सामाजिक परिस्थितियों और जनजीवन की जानकारी जुटाई।

जिला अध्यक्ष चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से सीधे बातचीत कर संगठन के लिए जमीनी फीडबैक एकत्र कर रहे हैं। इसी तरह कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भी 21 जिला अध्यक्षों का रात्रि प्रवास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

कांग्रेस का मानना है कि इस पहल से संगठन और आम जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा तथा स्थानीय मुद्दों को समझने में मदद मिलेगी। पार्टी भविष्य में भी इस तरह के जमीनी कार्यक्रमों को जारी रख सकती है।

गौरतलब है कि अभनपुर में 20 जून से कांग्रेस के नए जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सचिन राव, प्रदेश प्रभारी Sachin Pilot, प्रदेश अध्यक्ष Deepak Baij समेत कई वरिष्ठ नेता प्रशिक्षण दे रहे हैं। शिविर के दूसरे दिन Rahul Gandhi भी शामिल हुए और जिला अध्यक्षों को संगठन, जनसंपर्क और राजनीतिक रणनीति से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।