May 16, 2026

कांग्रेस संगठन पर सख्ती: कार्यकारिणी गठन में देरी पर PCC नाराज, 15 अप्रैल तक पूरी करने का अल्टीमेटम

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में जिला अध्यक्षों और प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की गई और कार्यकारिणी गठन में हो रही देरी पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने कड़ी नाराजगी जताई।

बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्ष, पीआर प्रभारी और संगठन के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान बूथ स्तर से लेकर जिला कांग्रेस कमेटी तक की संरचना को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई।

कार्यकारिणी गठन में देरी पर नाराजगी

बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला कार्यकारिणी, बूथ कमेटी और पंचायत स्तर की कमेटियों का गठन तय समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए।

कार्यकारिणी गठन में हो रही देरी के कारण संगठन के अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं, जिस पर PCC ने सख्त रुख अपनाया है।

बड़े नेताओं की मौजूदगी में समीक्षा

इस अहम बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, रविंद्र चौबे, ताम्रध्वज साहू और शिवकुमार डहरिया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

वरिष्ठ नेताओं ने जिला अध्यक्षों से सीधे संवाद कर संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

31 सदस्य नियम बना परेशानी की वजह

सूत्रों के अनुसार, एआईसीसी के निर्देशानुसार जिला कार्यकारिणी में केवल 31 सदस्यों की अनुमति दी गई है, जबकि पहले यह संख्या 51 थी।

इसी कारण बड़े जिलों में कार्यकारिणी गठन को लेकर दिक्कतें सामने आ रही हैं। जिला अध्यक्षों और स्थानीय नेताओं का कहना है कि सीमित संख्या के कारण सभी वर्गों और नेताओं को समायोजित करना मुश्किल हो रहा है, जिससे असंतोष बढ़ सकता है।

कई जिलों में अब तक अटका गठन

राजधानी रायपुर (शहर और ग्रामीण), बिलासपुर, अंबिकापुर, बलौदाबाजार समेत कई जिलों में अब तक कार्यकारिणी का गठन पूरा नहीं हो पाया है।

इसके पीछे स्थानीय स्तर पर खींचतान और समन्वय की कमी को भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है।

15 अप्रैल तक अंतिम समय सीमा

बैठक में PCC ने सख्त रुख अपनाते हुए जिला अध्यक्षों को 15 अप्रैल तक जिला कार्यकारिणी और बूथ कमेटी का गठन हर हाल में पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है।

दीपक बैज ने दी जानकारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि बैठक में AICC के निर्देशों और PCC के मार्गदर्शन में दिए गए टारगेट की समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि सभी जिला अध्यक्षों से वन-टू-वन चर्चा कर संगठनात्मक स्थिति को समझा गया है। बूथ और विलेज कमेटियों के गठन में प्रगति हुई है, लेकिन जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्य अभी बाकी है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।

संगठन को लेकर नया टास्क

दीपक बैज ने बताया कि सभी जिला अध्यक्षों को 15 अप्रैल तक के लिए नया टास्क दिया गया है। इसके आधार पर आगे की संगठनात्मक रणनीति तैयार की जाएगी।