July 23, 2026

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में PCC अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज, टीएस सिंहदेव बोले- फैसला हाईकमान का

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल को लेकर अटकलों के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव का नाम नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर चर्चा में है। हालांकि सिंहदेव ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल की कोई तय समय-सीमा नहीं होती और इस संबंध में अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान ही लेता है।

सोशल मीडिया पर टीएस सिंहदेव के समर्थन में अभियान

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई कांग्रेस समर्थकों और स्थानीय नेताओं ने टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग उठाई है। ‘आदिबाबा फैंस क्लब सरगुजा’ सहित कई फेसबुक पेजों पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा गया कि “जिसने हर परिस्थिति में संगठन का साथ निभाया, अब समय है उनके अनुभव को नई जिम्मेदारी देने का। टीएस बाबा के नेतृत्व में मजबूत कांग्रेस।”

टीएस सिंहदेव ने दी प्रतिक्रिया

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के पद का कोई निर्धारित कार्यकाल नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब दीपक बैज को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था, तब भी उनके कार्यकाल की कोई समाप्ति तिथि तय नहीं की गई थी। जब तक पार्टी जिम्मेदारी देती है, तब तक वह पद पर बने रहते हैं।

उन्होंने कहा, “ऐसे सभी फैसले कांग्रेस हाईकमान लेता है। कुछ लोग अपनी भावनाएं सोशल मीडिया पर व्यक्त कर देते हैं, लेकिन इस तरह के मामलों में संयम बरतना चाहिए। इस प्रकार की पोस्ट अनावश्यक रूप से स्थिति को प्रभावित करती हैं।”

हाईकमान के फैसले का इंतजार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर जारी चर्चाओं के बीच पार्टी नेताओं की निगाहें अब कांग्रेस हाईकमान के अगले फैसले पर टिकी हैं। फिलहाल संगठन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष के बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।