रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रदेश के रायपुर और राजनांदगांव जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच कोरोना संक्रमण की दस्तक से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
रायपुर में मिले संक्रमित मरीज का होम आइसोलेशन में उपचार जारी है, जबकि राजनांदगांव में चिन्हित मरीज का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। दोनों मामलों में स्वास्थ्य विभाग कोरोना प्रोटोकॉल के तहत निगरानी रख रहा है।
संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू
स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू कर दी है। मरीजों के परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने लोगों से कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और तत्काल जांच कराने की अपील की है। साथ ही भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने और आवश्यक कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी गई है।
स्वाइन फ्लू के 158 मामले, 37 मरीज एक्टिव
छत्तीसगढ़ में कोरोना के साथ-साथ स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले भी चिंता बढ़ा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के 1 जनवरी से 1 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक 158 H1N1 मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से 37 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं।
जिलेवार स्थिति में रायपुर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां अब तक 66 H1N1 मामले सामने आए हैं, जिनमें 8 मरीज एक्टिव हैं। वहीं दुर्ग में 17 मामले दर्ज हुए हैं और यहां 9 एक्टिव मरीज हैं, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा हैं।
किन जिलों में कितने H1N1 मामले?
रायपुर के बाद बिलासपुर में 20, दुर्ग में 17, रायगढ़ में 10, धमतरी और कोरबा में 9-9, राजनांदगांव में 4, जबकि बस्तर और बेमेतरा में 3-3 H1N1 मामले सामने आए हैं।
इसके अलावा जांजगीर-चांपा, कांकेर, सूरजपुर और सरगुजा में 2-2 मामले दर्ज किए गए हैं। बालोद, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, महासमुंद, MCB, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सक्ती में 1-1 मामला सामने आया है।
इन जिलों में नहीं मिला H1N1 का कोई केस
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बलरामपुर, बीजापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, कोरिया, मुंगेली, नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सुकमा में इस अवधि के दौरान H1N1 का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
दुर्ग में सबसे ज्यादा एक्टिव मरीज
प्रदेश में 37 एक्टिव H1N1 मामलों में दुर्ग 9 मरीजों के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद रायपुर में 8, कोरबा में 4, रायगढ़ में 3, जबकि बस्तर और राजनांदगांव में 2-2 एक्टिव मरीज हैं।
बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, जशपुर, कांकेर, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सूरजपुर में 1-1 एक्टिव मरीज दर्ज है।





