बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में होली की रात एक युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवती को जबरन वाहन में बैठाकर सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां उसने दुष्कर्म करने की कोशिश की।
पीड़िता के मुताबिक, घटना 3 मार्च की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की है। वह बन्नाक चौक के पास खड़ी थी, तभी ‘मझला’ नाम से पहचाने जाने वाला युवक उसे घर छोड़ने का झांसा देकर जबरदस्ती वाहन में बैठाकर ले गया।
आरोप है कि आरोपी उसे गोखले नाला के आगे जंगल में ले गया और वहां जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती के विरोध और शोर मचाने पर वह सफल नहीं हो सका।
विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और उसके सिर पर शराब की बोतल से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद मोबाइल, नगदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गया। जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद तबीयत खराब होने के कारण पीड़िता तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। करीब 19 दिन बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।





