रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने 1740 घनमीटर अवैध रेत और दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है।
राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के निर्देश पर खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए रात्रिकालीन गश्त, औचक निरीक्षण, छापेमार कार्रवाई और ड्रोन तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सचिव खनिज साधन विभाग और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने आरंग तहसील के ग्राम कागदेही में औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान समोदा-कागदेही मार्ग और आर्या पेट्रोल पंप के दक्षिण दिशा स्थित फॉरेस्ट नर्सरी के पास बिना वैध अनुमति के रेत का अवैध भंडारण पाया गया।
खनिज विभाग ने छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम 2009 के उल्लंघन पर खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 1740 घनमीटर रेत जब्त कर ली।
जब्त रेत को नगर पंचायत समोदा के पार्षद देवेंद्र कुमार साहू के सुपुर्द किया गया है। वहीं कार्रवाई के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे दो हाईवा वाहनों को भी जब्त कर आरंग थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।





