बिलासपुर शहर के देवरीखुर्द इलाके में सोमवार शाम स्कूटी सवार महिला के गले से दो बाइक सवार बदमाशों ने सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर जांच शुरू की, लेकिन देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी तुलिका बाजपेयी अपने परिचित के साथ गदा चौक गई थीं। काम खत्म कर जब वह स्कूटी से घर लौट रही थीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और मस्तूरी की ओर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मस्तूरी, मल्हार और तोरवा थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल पाया। सीसीटीवी फुटेज में भी बदमाशों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, एक अन्य घटना में देवरीखुर्द निवासी श्रद्धा बाई का जेवर से भरा बैग ऑटो से गायब हो गया। 21 मार्च को वह अग्रसेन चौक से लौट रही थीं और पावर हाउस के पास उतरते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया, जिसमें सोने-चांदी के जेवर रखे थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





