कवर्धा जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो महिला सटोरियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर नगद राशि और सट्टा सामग्री जब्त की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी में सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए नन्दिनीन उर्फ नीलू गुप्ता को उसके घर के सामने अंकों पर सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से सट्टा-पट्टी, नगद रकम और पेन बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 05 लोहाराना देवारपारा क्षेत्र में पूजा बांधेकर को सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध पृथक अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
व्हाट्सएप ग्रुप से संचालित हो रहा था नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों महिला आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर अलग-अलग खाईवाली के नाम से सट्टा संचालन कर रही थीं। उनके माध्यम से सट्टा खेलने और खिलाने वाले अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।





