July 27, 2026

Bilaspur News Update: चीतल शिकार मामले में गिरफ्तारी, अतिक्रमण पर कार्रवाई, प्रेम प्रसंग में युवक गिरफ्तार

चीतल शिकार मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पेंड्रा: जिले के मरवाही वनमंडल अंतर्गत पेंड्रा वन परिक्षेत्र के अमारु बीट में चीतल के शिकार का गंभीर मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम को जंगल में चीतल का शव संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसके बाद जांच में शिकार की पुष्टि हुई। शव के कुछ अंग गायब थे और मांस निकाले जाने के भी संकेत मिले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने विशेष टीम गठित कर सर्च ऑपरेशन चलाया। फॉरेस्ट डॉग स्क्वॉड की मदद से इलाके की घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपी वनकर्मियों को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने तुलाराम गोंड (50 वर्ष) को मौके से पकड़ लिया। इसके बाद मुख्य आरोपी रेनसिंह गोंड (45 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों के कब्जे से चीतल के सिंग सहित शिकार से जुड़े कई सबूत बरामद किए गए हैं। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिनकी तलाश जारी है।

बिलासपुर में अतिक्रमण के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई दुकानें हटाई गईं

बिलासपुर: शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था को देखते हुए नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को नूतन चौक से लेकर राजकिशोरनगर तक सड़क के दोनों किनारों पर फैले अतिक्रमण को हटाया गया।

इस दौरान ठेले, गुमटियां, शेड, टीन-टप्पर और नालियों के ऊपर रखे गए निर्माण को हटाया गया। निगम की टीम ने कई दुकानों का सामान जब्त भी किया। इसके अलावा बैमा नगोई, बहतराई रोड, खमतराई रोड और चांटीडीह क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी। खासकर सीपत रोड के प्रमुख चौराहों—बिरकोना, अशोकनगर, बैमा नगोई और बहतराई स्टेडियम चौक—पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। निगम ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रेम संबंध में धोखा, युवक गिरफ्तार, दुष्कर्म का मामला दर्ज

पेंड्रा: जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा दो युवतियों को शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और तीसरी युवती से शादी की तैयारी करने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी रविंद्र केवर्त का दो अलग-अलग युवतियों से प्रेम संबंध था। वह दोनों से शादी का वादा कर लंबे समय से संपर्क में था। इसी बीच उसने तीसरी युवती से शादी की तैयारी शुरू कर दी, जिसकी जानकारी मिलने पर विवाद खड़ा हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने और कितनी युवतियों को झांसे में लिया।

गैस वितरण में नया नियम, बिना DAC कोड नहीं मिलेगा सिलेंडर

बिलासपुर: रसोई गैस वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। तेल कंपनियों ने डिजिटल ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) को अनिवार्य करने की तैयारी की है। इसके लागू होने के बाद बिना कोड के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।

इस फैसले से गैस एजेंसी संचालकों में असमंजस की स्थिति है। उनका कहना है कि अब तक कई प्रभावशाली लोगों को बिना कनेक्शन के भी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता रहा है, लेकिन नई व्यवस्था में यह संभव नहीं होगा।

नई व्यवस्था लागू होने से सामाजिक और राजनीतिक आयोजनों में भी गैस उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। एजेंसी संचालक फिलहाल लिखित आदेश का इंतजार कर रहे हैं।

यात्रियों के लिए राहत, तिरुपति-रक्सौल समर स्पेशल ट्रेन शुरू

बिलासपुर: गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने तिरुपति-रक्सौल के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

यह ट्रेन 13 अप्रैल से तिरुपति से प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी, जबकि रक्सौल से गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कुल 24 कोच होंगे, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

वर्दी में डांस कर रील बनाने पर आरक्षक लाइन अटैच

बिलासपुर: मस्तूरी थाने में पदस्थ एक आरक्षक को वर्दी में डांस कर सोशल मीडिया पर रील बनाने के मामले में लाइन अटैच कर दिया गया है।

आरक्षक का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की। एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग एक अनुशासित बल है और वर्दी की गरिमा बनाए रखना अनिवार्य है। इस तरह की गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।