March 3, 2026

CG Crime News: कवर्धा में महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष गंगोत्री योगी पर प्राणघातक हमला, हंसिया से ताबड़तोड़ वार

कवर्धा। जिले में महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष गंगोत्री योगी पर प्राणघातक हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, चेहरे, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार घटना 27 जनवरी की शाम पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव की है। गंगोत्री योगी अपने बड़े भाई नेम नाथ योगी के घर पारिवारिक कार्यक्रम में गई हुई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर नेम नाथ योगी अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था।

झगड़ा बढ़ता देख गंगोत्री योगी ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की। इससे आरोपी नेम नाथ योगी भड़क गया और पास में रखे हंसिया से अचानक उन पर हमला कर दिया। लगातार वार से अधिक खून बह गया और गंगोत्री योगी बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अगले दिन परिजनों की शिकायत पर पिपरिया थाना में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।

पिपरिया थाना प्रभारी अमित कश्यप ने बताया कि महिला पर हंसिया से हमला किए जाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।