March 3, 2026

CG Crime News: रायपुर में रजिस्ट्री कराने आए अफसर की कार से 38 लाख पार, परिचित समेत चार हिरासत में

राजधानी रायपुर में जमीन रजिस्ट्री कराने आए एक अफसर की कार से 38 लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित ऑक्सीजोन के पास की है। मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने अफसर के एक परिचित समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली गई है।

जानकारी के मुताबिक, मंदिर हसौद निवासी एफसीआई के अफसर ज्ञानप्रकाश पाण्डेय सोमवार को कलेक्टोरेट स्थित रजिस्ट्री कार्यालय कार से पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे कार की सीट पर नोटों से भरा बैग रखकर किसी के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर फरार हो गया। रकम गायब होने के बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्राइम ब्रांच की टीम गठित कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान एक आरोपी के पास से चोरी की रकम बरामद हुई।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिस परिचित को अफसर रकम की देखरेख के लिए साथ लाए थे, उसी की नीयत रकम देखकर बदल गई। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से रकम गायब कराई।

पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द ही आधिकारिक खुलासा किया जाएगा। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है।