July 23, 2026

PM आवास योजना से कोई पात्र परिवार न छूटे: डिप्टी CM विजय शर्मा ने शिवराज सिंह चौहान को लिखा पत्र

रायपुर।

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का उल्लेख करते हुए सर्वे से छूटे पात्र हितग्राहियों को भी योजना में शामिल करने का आग्रह किया है।

उपमुख्यमंत्री ने अपने पत्र में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन का उल्लेख करते हुए इसके सफल आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए आभार भी व्यक्त किया।

विजय शर्मा ने पत्र में सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री द्वारा दिए गए उस आश्वासन का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित नहीं रहेगा। इसी संदर्भ में उन्होंने छत्तीसगढ़ में योजना के क्रियान्वयन के दौरान सामने आई व्यावहारिक चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने बताया कि 24 जून को प्रदेशभर की ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 की पात्रता सूची प्रस्तुत की गई थी। इस दौरान कई ऐसे पात्र परिवार सामने आए, जिनका सर्वे पलायन, अनुपस्थिति या अन्य कारणों से नहीं हो सका, जिससे उनके नाम पात्रता सूची में शामिल नहीं हो पाए।

इसके अलावा कुछ परिवारों का सर्वेक्षण होने के बावजूद तकनीकी कारणों से उनकी जानकारी पोर्टल पर अपडेट या प्रदर्शित नहीं हो सकी। परिणामस्वरूप ग्राम सभा में उनकी पात्रता दर्ज नहीं हो पाई, जबकि वे योजना के लाभ के वास्तविक हकदार हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इन कारणों से बड़ी संख्या में पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभ से वंचित रह गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक निर्णय लेने और ऐसे सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

पत्र के अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर पात्र परिवार को आवास” के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया। साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दिए जा रहे निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उनका पुनः आभार व्यक्त किया।