रायपुर। छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर जल्द ही राज्यपाल की मुहर लग सकती है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने संकेत दिया है कि राज्यपाल रमेन डेका किसी भी समय इस पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।
विजय शर्मा ने कहा कि राज्यपाल चिंतनशील व्यक्ति हैं और संभव है कि जिस समय इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है, उसी दौरान विधेयक पर हस्ताक्षर हो चुके हों। उनके इस बयान के बाद विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
दिल्ली में होगी अहम बैठक
डिप्टी सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा तय है, जहां छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। खास तौर पर नक्सलवाद के खात्मे के बाद की स्थिति और आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। धर्म स्वतंत्रता नियम को लेकर भी बातचीत हो सकती है।
बस्तर विकास पर दिया जोर
बस्तर में हो रहे विकास कार्यों को लेकर विजय शर्मा ने कहा कि अभी भी बहुत काम बाकी है, लेकिन तेजी से बदलाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाज भी जागरूक हो रहा है और आने वाले समय में बस्तर में विकास और तेज होगा।
पश्चिम बंगाल पर राजनीतिक बयान
पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने दावा किया कि इस बार वहां बीजेपी की सरकार बनेगी और जनता टीएमसी को सत्ता से बाहर कर देगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस की बैठकों और सरकार को घेरने के प्रयासों पर विजय शर्मा ने कहा कि विपक्ष अब तक क्या कर रहा था। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने कामों को लेकर पारदर्शिता दिखाई है और केवल हल्ला मचाना अलग बात है।
बस्तर से फोर्स हटाने पर प्रतिक्रिया
बस्तर से सुरक्षा बलों को हटाने की मांग पर उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील मामला है। अफवाह फैलाने से बचना चाहिए और अचानक से फोर्स वापस नहीं भेजी जा सकती। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद बस्तर नक्सलमुक्त हुआ है, इसलिए सावधानी जरूरी है।





