रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम-2026 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अधिनियम का छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशन हो चुका है और अब इसके नियम (Rules) भी जल्द प्रकाशित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हो चुका है और दूसरा चरण भी शीघ्र पूरा किया जाएगा।
‘धर्मांतरण ने बस्तर में खड़ा किया धर्म संघर्ष’
मीडिया से चर्चा के दौरान विजय शर्मा ने बस्तर में धर्मांतरण के मुद्दे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “बस्तर में माओवाद वर्ग संघर्ष खड़ा नहीं कर पाया, लेकिन गांवों में धर्म संघर्ष खड़ा हो गया। जो काम माओवाद नहीं कर सका, वह धर्मांतरण ने कर दिया।” उन्होंने संकेत दिया कि सरकार इस विषय को गंभीरता से लेकर आवश्यक कदम उठा रही है।
महादेव सट्टा ऐप मामले पर भी बोले गृह मंत्री
महादेव सट्टा ऐप मामले में विकास गर्ग की गिरफ्तारी को लेकर पूछे गए सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। उन्होंने कहा, “यदि भाजपा का भी कोई व्यक्ति दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि महादेव सट्टा ऐप को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
भूपेश बघेल ने साधा था सरकार पर निशाना
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विकास गर्ग को भाजपा से जुड़ा पदाधिकारी बताते हुए राज्य सरकार पर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राजनीतिक पहचान से ऊपर उठकर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और दोषी किसी भी दल का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।





