रायपुर। छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री आज रायपुर से नेक्स्ट जेन CG Dial 112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS 2.0) का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान प्रदेश को 400 अत्याधुनिक डायल 112 वाहन और चलित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की सौगात भी मिलेगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश की आपातकालीन सेवाएं अधिक आधुनिक, त्वरित और तकनीक आधारित हो जाएंगी, जिससे लोगों को संकट की स्थिति में तेजी से सहायता मिल सकेगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया निरीक्षण
कार्यक्रम की तैयारियों के तहत उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री Vijay Sharma ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नेक्स्ट जेन CG Dial 112 को प्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। इसके माध्यम से पुलिस सेवा, फायर सर्विस, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन सहायता और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा।
हाईटेक होगी आपातकालीन सेवा
नई प्रणाली में केंद्रीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, GPS आधारित इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन, GIS आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग, ऑटोमेटिक कॉल लोकेशन पहचान प्रणाली और तकनीक सक्षम डिस्पैच प्रबंधन जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
इससे अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया, चिकित्सकीय सहायता और अन्य आपात स्थितियों में अधिक प्रभावी मदद उपलब्ध कराई जा सकेगी।
अब सभी 33 जिलों में मिलेगी डायल 112 सेवा
प्रदेश में डायल 112 सेवा वर्ष 2018 से संचालित है और अब तक लाखों नागरिकों को आपातकालीन सहायता प्रदान कर चुकी है। पहले यह सेवा केवल 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया जा रहा है।





