May 14, 2026

दुर्ग/राजनांदगांव : CG News Update: भिलाई में लाखों की चोरी से लेकर सट्टेबाजी तक—दुर्ग-राजनांदगांव में घटनाओं की भरमार

भिलाईनगर/दुर्ग/राजनांदगांव। दुर्ग संभाग में अपराध, प्रशासनिक कार्रवाई, पर्यावरण और रोजगार से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। कहीं बंद मकान में लाखों की चोरी हुई, तो कहीं सट्टेबाजी पर पुलिस ने कार्रवाई की। वहीं सरपंच को पद से बर्खास्त करने और प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों के विरोध ने भी सुर्खियां बटोरीं।

पॉश कॉलोनी में लाखों की चोरी

भिलाई के नेहरू नगर पश्चिम में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर 45-50 लाख रुपये के जेवर और करीब 1.40 लाख नकदी पार कर दी। शादी में शामिल होने गए परिवार की गैरमौजूदगी में वारदात हुई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।

सरपंच अरुण गौतम बर्खास्त

दुर्ग के समोदा ग्राम पंचायत के सरपंच अरुण गौतम का निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया गया है। कोर्ट ने पाया कि उन्होंने नामांकन के दौरान आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई थी। अब उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।

क्रिकेट सट्टेबाजी का भंडाफोड़

दुर्ग पुलिस ने आईपीएल मैच पर सट्टा खिला रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से मोबाइल, नकदी और सट्टा सामग्री जब्त की गई। वे मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे।

जल संकट पर कांग्रेस का प्रदर्शन

दुर्ग में बढ़ते जल संकट और शक्तिनगर तालाब खाली करने के विरोध में कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। 40 वार्डों में पानी की समस्या बताकर जल्द समाधान की मांग की गई।

फर्जी नंबर प्लेट से ई-चालान का खेल

भिलाई निवासी की बाइक घर में खड़ी रही, लेकिन रायपुर में नियम तोड़ने पर 2 साल में 11 ई-चालान कट गए। जांच में पता चला कि आरोपी ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चला रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

‘राजा खुज्जी’ के लंगड़ा आम का इंतजार

राजनांदगांव का प्रसिद्ध लंगड़ा आम अभी बाजार में नहीं पहुंचा है। जून के पहले-दूसरे सप्ताह में इसकी आवक बढ़ने की उम्मीद है। देश ही नहीं विदेशों में भी इसकी भारी मांग रहती है।

प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों का विरोध

शिवनाथ नदी में औद्योगिक इकाइयों के दूषित पानी छोड़ने से ग्रामीण परेशान हैं। कंपनियों के खिलाफ प्रदर्शन कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। इससे जल, पशुपालन और स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा है।

मेगा रोजगार मेला आज

राजनांदगांव में आज 6 मई को मेगा जॉब फेयर आयोजित किया जा रहा है। 8 कंपनियां मिलकर 794 पदों पर भर्ती करेंगी। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक बेरोजगार युवा इसमें भाग ले सकते हैं।