दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र स्थित घासीदास नगर में एक नाबालिग छात्रा ने बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, छात्रा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड लेकर घर लौटी थी। वह अपनी तैयारी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त थी। बड़ी बहन ने बताया कि रात में वह करीब 12 बजे तक बहनों के साथ पढ़ाई करती रही।
मंगलवार सुबह जब मां की नींद खुली तो उन्होंने बेटी को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर मां घबरा गईं और चीखने लगीं। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।





