May 18, 2026

प्रयास आवासीय विद्यालयों में 9वीं के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू

रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट और एनडीए जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। साथ ही छात्रों को निःशुल्क आवासीय सुविधा भी प्रदान की जाती है।

इच्छुक विद्यार्थी 17 अप्रैल 2026 तक रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 18 से 21 अप्रैल तक का समय निर्धारित किया गया है। दस्तावेजों का परीक्षण 22 से 28 अप्रैल के बीच किया जाएगा।

प्रवेश परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 1 मई से 9 मई तक डाउनलोड किए जा सकेंगे, जबकि चयन परीक्षा का आयोजन 10 मई 2026 को किया जाएगा।

आवेदक प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं या अपने जिले के आदिवासी विकास कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।