July 23, 2026

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुरू, 1,310 पदों पर आज होगा फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह से मतदान शुरू हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में प्रदेशभर के विभिन्न क्षेत्रों में 1,310 रिक्त पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान निर्धारित समय तक जारी रहेगा, जबकि मतगणना 4 जून को होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चुनाव में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के 5 पद, पार्षद के 77 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद, सरपंच के 82 पद और पंच के 1,136 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। नगरीय निकाय चुनावों में 31,928 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि पंचायत चुनावों में 1,02,797 मतदाता मतदान करेंगे। नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक और पंचायत क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।

कबीरधाम जिले की Sahaspur Lohara नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्वर्गीय संतोष मिश्रा के निधन के बाद रिक्त हुए इस पद के लिए छह उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने सरिता संतोष मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने रोशन वैष्णव को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे अजय यादव मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। नगर पंचायत के 15 वार्डों में बनाए गए 15 मतदान केंद्रों पर कुल 5,142 मतदाता मतदान करेंगे।

इधर, सूरजपुर जिले की Shivanandanpur नगर पंचायत में भी मतदान जारी है। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, कांग्रेस समेत तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए 52 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कुल 4,642 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतदान को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 29 संजयनगर में पार्षद उपचुनाव के लिए भी सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है। यहां आठ मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5,255 मतदाता नए पार्षद का चुनाव करेंगे। इस सीट पर भाजपा के मधुसूदन राव, कांग्रेस के मोहम्मद आजम खान और आम आदमी पार्टी के शाहिल खान के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं। चुनावी मुकाबलों के नतीजों पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ स्थानीय मतदाताओं की भी नजर बनी हुई है। 4 जून को होने वाली मतगणना के बाद सभी सीटों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।