March 3, 2026

CG Film City : छत्तीसगढ़ का सपना हुआ साकार, चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल कन्वेंशन सेंटर का CM साय ने किया भूमिपूजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ का बरसों पुराना सपना आज साकार हो गया है। राजधानी रायपुर के माना–तूता में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन किया। इस ऐतिहासिक पहल से छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण और सांस्कृतिक आयोजनों के क्षेत्र में देश-दुनिया में नई पहचान मिलने जा रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह परियोजना केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि राज्य की रचनात्मक अर्थव्यवस्था, युवाओं, कलाकारों और पर्यटन के लिए नए द्वार खोलेगी।


🎥 छत्तीसगढ़ बनेगा फिल्म और कल्चर हब

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी के निर्माण से प्रदेश के हजारों स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा। फिल्म निर्माताओं को शूटिंग से जुड़ी सभी आधुनिक तकनीकी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में प्रदेश की कला और कलाकारों को उचित सम्मान मिल रहा है। फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर से छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बनेगा।


🏗️ मास्टर प्लान का CM ने किया अवलोकन

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने परियोजना के प्रस्तावित मास्टर प्लान का अवलोकन किया। अधिकारियों से निर्माण से जुड़ी जानकारियां लीं और परियोजना पर आधारित लघु फिल्म भी देखी।


📑 भूमिपूजन के साथ मिले 4 बड़े प्रस्ताव

चित्रोत्पला फिल्म सिटी के शुभारंभ के साथ पर्यटन विभाग को चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्राप्त हुए—

  • 🎞️ गदर फिल्म निर्माता अनिल शर्मा ने अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग यहीं करने का प्रस्ताव दिया।
  • 🏢 इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमेन राकेश कुमार ने इंटरनेशनल एक्जीबिशन सेंटर बनाने का प्रस्ताव रखा।
  • 🛍️ एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स के चेयरमेन नीरज खन्ना ने वर्ल्ड क्लास हैंडीक्राफ्ट्स फेयर आयोजन का प्रस्ताव दिया।
  • 🎬 एटी फिल्म्स हॉलीवुड के आशुतोष वाजपेयी ने हॉलीवुड व स्ट्रीमिंग कंटेंट लाने का प्रस्ताव सौंपा।

💰 150 करोड़ से अधिक की सरकारी मंजूरी, 300 करोड़ निजी निवेश संभव

भारत सरकार की योजना “कैपिटल इन्वेस्टमेंट हेतु राज्यों को विशेष सहायता” के तहत—

  • चित्रोत्पला फिल्म सिटी: ₹95.79 करोड़
  • ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर: ₹52.03 करोड़

दोनों परियोजनाएं PPP मॉडल पर बनेंगी। निजी क्षेत्र से करीब ₹300 करोड़ निवेश की संभावना है। दो वर्षों में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।


🌄 100 एकड़ में विकसित होगा मेगा प्रोजेक्ट

करीब 100 एकड़ क्षेत्र में बनने वाली फिल्म सिटी में—

  • गांव, शहर, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, जेल, पुलिस चौकी के सेट
  • स्टूडियो, प्रोडक्शन ऑफिस, स्कल्प्चर गार्डन
  • टॉय म्यूजियम, स्नो वर्ल्ड, होटल, मल्टीप्लेक्स
  • शॉपिंग स्ट्रीट और एक्सपीरियंस सेंटर

वहीं कन्वेंशन सेंटर में 1500 क्षमता वाला आधुनिक हॉल, बैंक्वेट, लाइब्रेरी, स्वीमिंग पूल, जिम और गेस्ट रूम विकसित होंगे।


🎞️ फिल्म शूटिंग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

छत्तीसगढ़ में पहले ही Newton, जहानाबाद, कौन प्रवीण तांबे, द ग्रेट इंडियन मर्डर, ग्राम चिकित्सालय जैसी फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग हो चुकी है।

नई फिल्म सिटी बनने से—
✅ स्थानीय कलाकारों को रोजगार
✅ तकनीशियनों को अवसर
✅ फिल्म फेस्टिवल और अवॉर्ड शो
✅ फिल्म टूरिज्म को बढ़ावा
✅ राज्य के पर्यटन का अंतरराष्ट्रीय प्रचार

होगा।


👥 कार्यक्रम में रहे मौजूद

कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, फिल्म विकास निगम अध्यक्ष सुमोना सेन, पर्यटन बोर्ड अध्यक्ष नीलू शर्मा, सचिव डॉ. रोहित यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।